हमीरपुर में पटाखों की बिक्री को लेकर प्रशासन सख्त
हमीरपुर, अरविंद-: दीपावली के त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। 8 नवंबर को मनाए जाने वाले दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों की बिक्री की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। हालांकि, इस बार पटाखे बेचने वाले दुकानदारों को प्रशासन के निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। तय स्थानों के बजाय अपनी दुकानों से पटाखे बेचने वाले दुकानदारों पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। ऐसे दुकानदारों का भारी चालान काटने के साथ-साथ पटाखों का सामान भी जब्त किया जा सकता है।
हमीरपुर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित कर दिए हैं। उपमंडलाधिकारी हमीरपुर की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकेगी। कोई भी दुकानदार अपनी सामान्य दुकान से पटाखे बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।प्रशासन ने आम लोगों से भी नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने की अपील की है। यदि किसी क्षेत्र में कोई दुकानदार निर्धारित स्थान के बजाय अपनी दुकान से पटाखे बेच रहा है तो इसकी शिकायत सीधे संबंधित पुलिस थाना या पुलिस चौकी में की जा सकती है। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
एसडीएम हमीरपुर संजीत कुमार ने बताया कि हमीरपुर उपमंडल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। सभी दुकानदारों को इन्हीं स्थानों पर पटाखे बेचने होंगे। नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान काटने के साथ उनका सामान जब्त करने और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।
