हमीरपुर में अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई
हमीरपुर, अरविंद- :शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम की तहबाजारी कमेटी ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कमेटी ने बिना अनुमति सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले सात दुकानदारों का सामान जब्त किया है। इसके अलावा कई अन्य दुकानदारों को चेतावनी देकर सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।त्योहारी सीजन नजदीक आते ही शहर में अस्थाई दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी धारकों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। कई दुकानदार बिना अनुमति के सड़कों और बाजारों के व्यस्त हिस्सों में अपनी दुकानें सजा रहे हैं। इससे शहर की सड़कें लगातार संकरी होती जा रही हैं और आम लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क किनारे लगने वाली इन दुकानों के कारण वाहन चालकों को भी कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति से जूझना पड़ रहा है।
शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम की तहबाजारी कमेटी ने अब नियमित निरीक्षण करने का फैसला लिया है। इसके तहत कमेटी रोजाना शहर के विभिन्न बाजारों, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान बिना अनुमति लगाई गई रेहड़ी-फड़ी और अन्य अस्थाई दुकानों पर कार्रवाई की जाएगी।कमेटी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।नगर निगम का उद्देश्य शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना और त्योहारी सीजन में लोगों को बाजारों में सुचारू आवाजाही की सुविधा उपलब्ध करवाना है।

