नाहन/देवेन्द्र कुमार: रेणुका जी में कांग्रेस विधायक के संबंधी को बीजेपी का टिकट देने की कोशिश हो रही है। बीजेपी नेता व रेणुका विधानसभा क्षेत्र से दो बार पार्टी के उम्मीदवार रह चुके बलबीर चौहान ने कहा है कि आने वाले समय में पार्टी के लिए येे नुकसानदायक हो सकता है। नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बलबीर चौहान ने कहा कि साल 2011 में जब हृदय राम को पार्टी में शामिल किया था, तो गुटबाजी को यहां हवा मिली थी। उसके बाद संगठन अब एकजुट होकर रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में काम कर रहा है। मगर अब कांग्रेस विधायक विनय कुमार के संबंधी को टिकट देने की वकालत कुछ लोग कर रहे हैं, जो पार्टी के हित में नही है।
उन्होंने कहा नारायण सिंह जिनको टिकेट देने की वकालत हो रही है, वो रेणुका कांग्रेस विधायक विनय कुमार के करीबी रिश्तेदार हैं और यह बात किसी से छिपी भी नहीं है। ऐसे में संगठन को यहाँ सोच समझकर विचार करने की जरूरत है। बलबीर चौहान ने यह भी कहा वह संगठन के सच्चे सिपाही है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार पार्टी उन पर विशवास जताकर उन्हें चुनावी मैदान में उतारेंगी।
गिरिपार जनजातीय क्षेत्र मामले को लेकर बलबीर चौहान ने कहा कि क्षेत्र के अनुसूचित जाति से जुड़े लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अनुसूचित जाति को एसटी के दर्जे से दूर कर रखा है । उन्होंने कहा कि खुद भी यह मांग उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने उठाई थी।
