राहुल चावला, धर्मशाला-:दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने धर्मशाला उपमंडल में पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए चार स्थान निर्धारित किए हैं। इन स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखे बेचने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, पटाखों की बिक्री करने वाले सभी विक्रेताओं के लिए अस्थायी लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही दीपावली के दिन रात 8 बजे से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की जा सकेगी। निर्धारित नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
पटाखों की बिक्री के लिए चार स्थान निर्धारित
एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने बताया कि उपमंडल में पटाखों की बिक्री के लिए दाड़ी ग्राउंड, भागसूनाग रोड पर सब्जी मंडी के सामने खुला स्थान, कम्युनिटी हॉल के रास्ते में खाली जगह और पुलिस ग्राउंड को निर्धारित किया गया है। क्षेत्र के अनुसार विक्रेताओं को बिक्री के लिए स्थान आवंटित किए गए हैं। दाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के दुकानदार दाड़ी ग्राउंड में, मैक्लोडगंज क्षेत्र के विक्रेता भागसूनाग रोड पर, कोतवाली बाजार के विक्रेता कम्युनिटी हॉल के रास्ते में तथा कचहरी, अड्डा, डिपो बाजार और सिविल लाइंस क्षेत्र के विक्रेता पुलिस ग्राउंड में पटाखे बेच सकेंगे।
अस्थायी लाइसेंस के बिना नहीं होगी बिक्री
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री के लिए विक्रेताओं को एलई-5 श्रेणी का अस्थायी लाइसेंस लेना होगा। इसके लिए निर्धारित सरकारी फीस जमा करवानी अनिवार्य है। लाइसेंस विस्फोटक नियम 2008 के तहत जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी विक्रेता को लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। दीपावली से दो दिन पहले लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विशेष परिस्थितियों में निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगह बिक्री की अनुमति उपलब्धता के आधार पर दी जा सकती है।
दो घंटे ही होगी आतिशबाजी की अनुमति
एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार दीपावली के दिन रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त समय में आतिशबाजी करने के लिए अलग से अनुमति और लाइसेंस लेना जरूरी होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ डीएम एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने विक्रेताओं के साथ आम जनता से भी नियमों का पालन करने की अपील की है।
