ऊना, राकेश-: भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राम कुमार शर्मा ने केंद्रीय योजनाओं के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों का नाम शामिल नहीं करने को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। ऊना स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्रीय धन से होने वाले विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए केंद्र सरकार की भूमिका को जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर राजनीतिक दबाव के चलते ऐसा करने का आरोप लगाया।
राम कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हरोली विधानसभा क्षेत्र में करीब 60 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इस योजना में 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकार की ओर से दी जाती है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार विकास कार्यों की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाओं पर केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों का उल्लेख करना भी आवश्यक है, लेकिन प्रदेश में इन नियमों की अनदेखी की जा रही है।उन्होंने चंदपुर खड्ड पुल का उदाहरण देते हुए कहा कि 26 अक्तूबर को पुल का उद्घाटन किया गया, लेकिन इस दौरान हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर को न तो शिलान्यास और न ही उद्घाटन कार्यक्रम में उचित स्थान दिया गया। जबकि पुल का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हुआ है। इसी तरह चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये के केंद्रीय सहयोग से दो सड़कों का निर्माण किया गया, लेकिन वहां भी केंद्रीय प्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से सांसद कार्यालय को कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ईमेल भेजकर औपचारिकता पूरी की जाती है। उन्होंने कहा कि जिस दिन उद्घाटन होना होता है, उसी दिन सुबह सूचना भेजी जाती है, जबकि शाम को कार्यक्रम आयोजित कर दिया जाता है। इससे स्पष्ट है कि सांसद की अनुपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि केंद्र सरकार का पैसा विकास कार्यों में लग रहा है तो संबंधित पट्टिकाओं पर केंद्र के प्रतिनिधियों का नाम क्यों नहीं लिखा जा रहा?
राम कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का जिक्र करते हुए कहा कि हरोली के बीत क्षेत्र में करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई संबंधी कार्य किए गए हैं, लेकिन इनमें भी प्रधानमंत्री का नाम अंकित नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रग पार्क परियोजना में भी शिलान्यास पट्टिका पर प्रधानमंत्री का नाम शामिल नहीं किया गया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने अपना नाम प्रमुखता से लिखवाया है।उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भाजपा सरकार ने एक सप्ताह में ड्रग पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करवाई थी, लेकिन वर्तमान सुक्खू सरकार चार वर्षों में भी परियोजना के पहले चरण का काम पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से प्रधानमंत्री ने समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार से परियोजना की प्रगति को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ड्रग पार्क के लिए आवंटित धनराशि का इस्तेमाल पहले से बने गांवों के तालाबों को दोबारा बनाने में किया जा रहा है, जोकि सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला है।राम कुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि केंद्र सरकार के योगदान को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही केंद्रीय योजनाओं के तहत हुए कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा इन विकास कार्यों को लेकर लाइव प्रसारण भी करेगी, ताकि जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखी जा सके।
