अरविंदर सिंह, हमीरपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आज प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में हमीरपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 153वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर जिला हेड क्वार्टर हमीरपुर में बड़े सद्भाव व आस्था के सुबह 4 बजे गांधी चौक पर एकत्र हो कर जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार की अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली।
इसके बाद गांधी चौक स्थित बापू गांधी की मूर्ति पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई । महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी आज 2 अक्टूबर के दिन ही मनाई जाती है। प्रभात फेरी के दौरान इन दोनों महान विभूतियों के अमर रहे के नारे लगाए गए और बापू गांधी का प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम भी लगातार गाया गया। वहीं कांग्रेस मुख्यालय हमीरपुर में महात्मा गांधी के जन्मदिन को मनाने के लिए जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की ओर से आयोजित एक बैठक में मुख्य रूप से सुजानपुर के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने भाग लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार व पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने देश की स्वाधीनता के लिए महात्मा गांधी की ओर से किए गए बहुमूल्य योगदान व बलिदानों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बापू गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बिना खून खराबे के सत्याग्रह के माध्यम से इस देश को आजाद करवाया व भारत ही नहीं अपितु पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बन गया। उपस्थित सदस्यों ने महात्मा गांधी व ईमानदार छवि के धनी “जय जवान, जय किसान” का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्र की तस्वीरों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और अपनी तरफ से भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
