अनिल कुमार,किन्नौर: 2 वर्षों के अंतराल के बाद रविवार को जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकोंगपिओं में राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का आगाज़ हुआ। कोरोना की वजह से बीते 2 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन नहीं हो पा रहा था लेकिन इस बार जिला प्रशासन किन्नौर की ओर से भव्य तरीके से इस राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव को मनाया जा रहा रहा है।
चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का आगाज़ डीसी किन्नौर व मेला कमेटी के अध्यक्ष आबिद हुसैन सादिक ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान उनके साथ जिला के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस मेले के शुभारंभ के बाद डीसी किन्नौर ने मेले में लगाए गए सभी स्टॉल की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
डीसी किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला के रिकोंगपिओ में आयोजित चार दिवसीय किन्नौर महोत्सव कोविडकाल के करीब दो वर्षों बाद मनाया जा रहा है, ऐसे में इस वर्ष किन्नौर महोत्सव को बेहतरीन ढंग से मनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां की है जिसमें तंबोला खेल,बॉलीबाल,बॉक्सिंग,प्रदर्शनी, संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें देश-प्रदेश के गायक व अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे और लोगों का मनोरंजन करेंगे।
डीसी ने कहा कि किन्नौर महोत्सव में मुख्य रूप से किन्नौर के पारंपरिक वेशभूषा, खानपान व यहां की संस्कृति को दर्शाने के लिए प्रशासन ने अलग से कार्यक्रम रखा है और 31 अक्टूबर की रात को केवल किन्नौरी कलाकारों की प्रस्तुतियां समारोह में रहेंगी, जिसका जिला के लोग आनंद ले सकते है बाकी अन्य दिनों में देश प्रदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगें।
