कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: हिमाचल प्रदेश में जनता भाजपा सरकार की नीतियों से तंग आ चुकी है और इसका नतीजा यह है कि प्रदेश में विभिन्न इलाकों में कांग्रेस को जनता का समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा अन्य दलों को छोड़कर लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह बात कुल्लू पहुंची हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कही। प्रतिभा ने ढालपुर के अटल सदन में चुनावी जनसभा को भी संबोधित किया और कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर ठाकुर के समर्थन में प्रचार किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रही है और जनता का प्यार भी कांग्रेस पार्टी को मिल रहा है। जिससे साफ पता चलता है कि आने वाले समय में अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जिला कुल्लू का विकास भी कांग्रेस पार्टी की देन है। यहां पर कई विकास कार्य पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के द्वारा किए गए हैं। एक बार फिर से विधानसभा चुनाव के चलते वे यहां पहुंची है और यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। जिससे पता चलता है कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई भी नहीं रोक सकता है।
भाजपा राम के नाम पर करती है जनता को गुमराह
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार राम के नाम से कब तक जनता को गुमराह करती रहेगी, यह जनता समझ गई है। लेकिन इस बार राम का नाम भी जयराम की कुर्सी नहीं बचा पाएगा।उन्होंने कहा कि भगवान राम सभी के दिलों में बसते हैं और राम के नाम पर पहले जनता को गुमराह करो और फिर जनता का शोषण करो यह कोई सीखे तो भाजपा से। इस बार प्रदेश की जनता राम का राग अलापने वाली जयराम सरकार के बहकावे में नही आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा के मिशन रिपीट को डिफीट में बदलने की मन बना लिया है। भाजपा के नेता झूठ बोल कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री गोविंद ठाकुर बताए कि उन्होंने मंत्री रहते हुए मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए क्या किया। मंत्री गोविंद ठाकुर तो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा शुरु किए कार्यों को भी पूरा नहीं कर पाए हैं।
