शिमला-: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दशहरा पर्व के अवसर पर शिमला के टूटू में आयोजित कार्यक्रम में रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दशहरा केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में सत्य, धर्म और नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अंततः जीत सत्य और धर्म की ही होती है।उन्होंने कामना की कि दशहरे का यह पावन अवसर सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। साथ ही उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मकता बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान टूटू मेला कमेटी ने मुख्यातिथि विक्रमादित्य सिंह को तलवार और गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने मेला कमेटी को आयोजन के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

