शिमला-: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।शिक्षा मंत्री जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के ढाडी में नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित ‘विकेश पनाटू मेमोरियल’ वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उन्होंने आयोजन के लिए युवक मंडल को बधाई देते हुए 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि वॉलीबाल पहाड़ी क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है और शिमला जिले ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या आठ से बढ़कर 12 हो गई है। खेल कोटे के माध्यम से लगभग 300 युवाओं को रोजगार भी मिला है।
शुराचली क्षेत्र में विकास कार्यों को गति
रोहित ठाकुर ने कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव है। सरस्वती नगर-झड़ाशली मार्ग को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। चार करोड़ रुपये से 15 नई सड़कों का निर्माण और 11 सड़कों को पक्का किया गया है। भोलाड़-छुपाड़ी सड़क के पांच किलोमीटर हिस्से पर एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।भोलाड़ में 1.83 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जारी है, जिसे 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। चामशू में पब्बर नदी पर 5.55 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जा रहा है। पिछले चार वर्षों में शुराचली और खनाशनी क्षेत्रों में 35 तथा पूरे विधानसभा क्षेत्र में 193 नई सड़कें स्वीकृत हुई हैं।
शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश 21वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा है, जबकि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी प्रदेश ने तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार पद भरे जा चुके हैं और पांच हजार अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।इससे पहले उन्होंने हाटकोटी स्थित मां हाटेश्वरी मंदिर में शीश नवाया और प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, एसडीएम गुरमीत नेगी, युवक मंडल प्रधान पुनीत पनाटू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

