बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर जिला के झंडुत्ता के बरठी क्षेत्र में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे। यहां पर केंद्रीय मंत्री नितिन ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एक तरफ जहां केंद्र सरकार के कार्यो की जानकारी दी तो वहीं भाजपा प्रत्याशी जीत राम कटवाल के कार्यो की खूब प्रशंसा की।
बागछाल पुल व अन्य पुलों के शुभारंभ के लिए जल्द आऊंगा झंडूता
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल में दोबारा से भाजपा की सरकार बनने के बाद वह जल्द ही हिमाचल दौरे पर आएंगे। उन्होंने कहा कि वह बिलासपुर जिला के झंडुत्ता में तैयार हो रहे पुलों का शुभारंभ व भूमि पूजन करने के लिए जल्द ही बिलासपुर आने का वादा करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां के वर्तमान विधायक व भाजपा के प्रत्याशी जीतराम कटवाल ने जब-जब भी उनके पास अपने क्षेत्र की मांगे रखी उनको तुरंत प्रभाव से माना गया और उसको सैद्धांतिक मंजूरी भी दी गई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह जल्द ही बिलासपुर जिला के स्वारघाट रोपवे को भी मंजूरी देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उन्हें एक प्रस्ताव भेजा जाए, इसको तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाएगा और इसके लिए भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी जाएगी।
हिमाचल में पानी के इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाएगा मास्टर प्लान
गडकरी ने कहा कि इससे पहले हिमाचल में उन्होंने कांगड़ा, कुल्लू, बिलासपुर, सिरमौर व पालमपुर में रोपवे की घोषणा भी की है। जिसका कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पानी की कमी नहीं है, लेकिन पानी को किस तरह से किस कार्य के लिए यूज करना है इसका एक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल खुद एक बिजली उत्पादन राज्य है हिमाचल से भारत सरकार को काफी लाभ भी मिलता है। पर्यटन की दृष्टि से भी हिमाचल की सड़कों को बेहतर बनाने का हर संभव कार्य किया जा रहा है, क्योंकि इस पहाड़ी राज्य हिमाचल में देश-विदेश से पैटर्न यहां पर घूमने आते हैं। वहीं उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति का उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक राज्य व देश की सड़कें सही नहीं होंगी, तब तक वह राज्य व देश है अमीर व सक्षम नहीं हो सकता। इस मौके पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जीतराम कटवाल के पक्ष में लोगों से वोट करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल का उद्धार व विकास सिर्फ एकमात्र भाजपा सरकार द्वारा ही किया जाएगा और किया जा रहा है।
