राहुल चावला, धर्मशाला: पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के ऊपरी क्षेत्र नड्डी गांव के पास ट्रैकिंग पर निकला विदेशी पर्यटक एक सप्ताह से लापता है। सूचना मिलने पर पुलिस की ओर से विदेशी नागरिक को ढूंढने के प्रयास जारी हैं जिसके चलते ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। वहीं सोमवार को विदेशी पर्यटक की तलाश में बारिश बाधा बनी रही।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमेरिकी मूल का एक पर्यटक मैक्लोडगंज आया था, जो कि पिछले 14 दिनों से लगातार नड्डी गांव के आरा कैंप में ठहरा हुआ था और सात नवंबर को ट्रैकिंग पर निकला था। लेकिन अगले ही दिन आठ नवंबर को उसने मैसेज किया कि वह रास्ता भटक गया है। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद उसकी तलाशी का अभियान शुरू किया गया हैं। पुलिस के अनुसार स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स, पुलिस स्टाफ, पर्वतारोहण केंद्र मैक्लोडगंज और स्थानीय ट्रैकर्स के माध्यम से लापता विदेशी पर्यटक को ढूंढा जा रहा है। साथ ही डॉग स्क्वायड के अतिरिक्त ड्रोन की भी मदद ली जा रही है, लेकिन अभी तक लापता पर्यटक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
