नाहन : देवेंद्र कुमार – नाहन विकासखंड की ग्राम पंचायत बनकला के गांव मालोंवाला में इन दिनों बेसहारा पशुओं ने भारी आतंक मचा रखा है। यहां बेसहारा पशु रात को आकार खेतों में खड़ी नकदी फसल को नुकसान पहुंचा रहे है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आज डीसी सिरमौर को ज्ञापन सौंपा।
बेसहारा पशुओं को गोशाला भेजने की रखी मांग
ग्रामीणों का कहना है की जब इन बेसहारा पशुओं को खेतों से भगाया जाता है तो यह पशु उल्टा ग्रामीणों पर हमला करने के लिए पीछे दौड़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले ही लगभग आधा दर्जन पशुओं को पकड़ कर गौशाला में भेज दिया था बावजूद इसके अभी भी दर्जन भर बेसहारा पशु ग्रामीणों के खेतों में प्रतिदिन आकर उनकी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी रमेश चंद्र ने बताया कि एक ओर तो बारिश कम होने के चलते पहले ही फसलों का उत्पादन 60 प्रतिशत कम हुआ है वन्हीं दूसरी ओर इन पशुओं द्वारा उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में यहां के किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने उपायुक्त सिरमौर से मांग की है की शीघ्र ही इन बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में भेजने के आदेश दिए जाएं ताकि किसानों की फसलों को बचाया जा सके।
