नाहन : देवेन्द्र कुमार – जिला सिरमौर समग्र शिक्षा अभियान के तहत नेशनल अचीवमेंट सर्वे पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला के 120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
जिला सिरमौर समग्र शिक्षा अभियान के कार्यक्रम अधिकारी ऋषि पाल शर्मा ने बताया कि बच्चों के शैक्षणिक स्तर को लेकर तीसरी पांचवी आठवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों पर यह सर्वे किया गया था। इस सर्वे के आधार पर एक रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है जिसे आज कार्यशाला में प्रतिभागियों के साथ सांझा किया गया। जिला में हुए इस सर्वे में सहयोग देने वाले 120 प्रतिभागी शामिल हुए। प्रतिभागियों द्वारा समूहों में बैठकर कक्षा और विषय के अनुसार चर्चा की और इस चर्चा के बाद प्रेजेंटेशन दी गई। उन्होंने बताया कि प्रेजेंटेशन के बाद जो नतीजे सामने आए उन्हें समग्र शिक्षा अभियान की राज्य टीम के साथ साझा किया जाएगा।
ऋषि पाल शर्मा ने बताया कि जिला में सरकारी एवं निजी कुल 1638 विद्यालय चल रहे हैं। इन विद्यालयों में से 209 विद्यालयों में 732 अध्यापकों द्वारा तीसरी पांचवी आठवीं और दसवीं कक्षा के 4085 विद्यार्थियों पर यह सर्वे किया गया था। पांचवी कक्षा तक के बच्चों में भाषा गणित और ईवीएस को लेकर सर्वे किया गया जबकि आठवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों में भाषा गणित विज्ञान और सामाजिक विज्ञान आदि विषयों पर सर्वे किया गया। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के तहत पूरे भारतवर्ष में अलग-अलग गतिविधियां चलाई जाती है जिसका समय समय पर आकलन किया जाता है इसी कड़ी में नेशनल अचीवमेंट सर्वे भी एक है उन्होंने बताया कि इससे पहले यह सर्वे वर्ष 2021 तथा वर्ष 2017 में किया गया था।
