नाहन : देवेंद्र कुमार – नाहन विकासखंड के भुड्डियों गांव में ग्रामीणों द्वारा मार्ग बंद करने से क्षेत्र की करीब 5 पंचायतों के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने आज दीसिरमौर को ज्ञापन सौंपा।
मामले में जल्द कार्यवाही ना होने पर चक्का जाम की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के करीब 100 मीटर हिस्से को लेकर पिछले करीब डेढ़ दशक से विवाद चल रहा है। विवाद को सुलझाने के लिए पहले भी कई बार प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की तरफ से बैठकें आयोजित हुई है। मगर अभी तक इस मामले का कोई भी हल नहीं निकला है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र वासियों ने डीसी से गुहार लगाई है। लोगों ने बताया की क्षेत्र की पालियों, बर्मा पापड़ी, कोलावाला भूड़, क्यारी व सुरला ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए यह रास्ता औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की ओर जाने के लिए शॉर्टकट है। मजदूरी करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में जाने वाले क्षेत्र के हजारों लोग इस रास्ते से ही रोजाना आते जाते हैं। मगर अब स्थानीय लोगों द्वारा इस सड़क को बंद कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों की समस्या बढ़ गई है। स्थानीय निवासी ने कहा की अगर 20 जनवरी तक मामले को सुलझाने में प्रशासन व लोक निर्माण विभाग नाकाम रहता है, तो क्षेत्र के लोग 20 जनवरी को त्रिलोकपुर में चक्का जाम करेंगे।
