राकेश, ऊना: हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर वर्तमान कांग्रेस सरकार के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया हैं। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने पेंशन से जुड़े मुद्दे के साथ ही अन्य वितीय मामलों को सरकार के समक्ष रखा हैं ताकि सरकार उनका जल्द से जल्द समाधान करें। इसी को लेकर एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की अहम बैठक मंगलवार को जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा परिसर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष किशोरी लाल ने की। इस मौके पर हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए इन बुजुर्गों ने अपनी पेंशन का स्थाई समाधान मांगा और इसके अतिरिक्त सरकार की तरफ लंबित चल रहे पेंशनर्स के वित्तीय मामलों को जल्द सुलझाने की मांग उठाई। इतना ही नहीं एचआरटीसी से रिटायर इन कर्मचारियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम को रोडवेज में तब्दील करने की मांग एक बार फिर दोहराई हैं। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर कई बार सरकार के समक्ष बात रख चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी ने भी उनकी समस्याओं का समाधान करने की तरफ कदम नहीं बढ़ाया।
