हमीरपुर : अरविंदर सिंह- सुजानपुर का चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव-2023 बुधवार को संपन्न हो गया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उत्सव का समापन किया। इससे पहले उन्होंने भव्य शोभायात्रा में भाग लिया और ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा सरस मेले का दौरा भी किया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने शाम को चौगान के कला मंच पर दीप प्रज्वलन के साथ होली उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को होली उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह उत्सव आपसी प्यार, स्नेह और सदभावना का त्योहार है। यह उत्सव हमें आपसी भाईचारे एवं सदभाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हम सब मिलजुल कर आगे बढऩे का संकल्प लेते हुए हिमाचल प्रदेश को समृद्धि एवं खुशहाली के मार्ग पर अग्रसर करेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हम सब मिलकर चलेंगे और आगे बढ़ेंगे तथा देश की एकता एवं अखंडता को कायम रखने में हरसंभव योगदान देंगे।
