बीबीएन : जगत सिंह- औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में हर वर्ष कबाड़ को लेकर मारामारी रहती है । इस बार भी यह मारामारी लगातार जारी है, जहां स्क्रैप डीलर और स्थानीय युवा आमने सामने हो गए हैं । लोकल युवा भी अब स्क्रैप का काम फैक्ट्रियों में जाकर लगातार मांग रहे हैं इसको लेकर आए दिन तनाव का माहौल रहता है वहीं फैक्ट्री मालिकों को भी नेताओं के फोन कर रहे हैं कि स्थानीय युवाओं को भी स्क्रैप का काम दिया जाए। दूसरी और पहले से ही कबाड़ का काम कर रहे डीलरों को धमकियां दी जा रही है।
कबाड़ को लेकर पहले भी हो चुकी हैं आपराधिक घटनाएं
बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में कबाड़ के काम को लेकर कई बार अपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें कई लोग जहां जख्मी हुए ,वहीं कईयों की मौत के मामले भी सामने आ चुके हैं ,लेकिन अब जहां स्थानीय युवा अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगी हुई फैक्ट्रियों से कबाड़ का काम लेने के लिए जिद पर अड़े हैं। वहीं दूसरी ओर कई सालों से कबाड़ का काम करने वाले स्क्रैप डीलरों से काम छीनने की भी उन्हें चिंता सताने लगी है।
जग सेवा ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष जगपाल सिंह राणा का कहना है कि कबाड़ के काम को लेकर स्थानीय युवाओं व डीलरों में विवाद शुरू हो चुका है। फैक्टरी मालिकों पर भी लगातार काम को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री व उद्योग मंत्री से गुहार लगाई है कि स्क्रैप को लेकर जल्द से जल्द एक पॉलिसी बनाई जाए ,ताकि किसी भी प्रकार की अपराधिक घटना ना हो सके और प्रदेश में उद्योगपति किसी डर भय के अपना काम कर सके। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह उद्योगपतियों पर दबाव और गुंडागर्दी नहीं थमी तो उद्योगपति अपने-अपने उद्योग यहां से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे जिसके कारण क्षेत्र के युवा एक बार फिर बेरोजगारी की कगार पर आ सकते हैं।
