अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर में बिना बिल के सोना बेचने आए व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई जिला आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से की गई हैं।विभाग ने यहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिना बिल के सोना बचने आए व्यापारी से सोना पकड़ा जिसकी बाजार में कीमत करीब 1.10 करोड़ रूपए आंकी गई हैं। विभाग ने कार्रवाई अमल में लाते हुए 6.55 लाख का जुर्माना भी वसूला हैं।
हमीरपुर के गांधी चौक पर गुप्त सूचना पर आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए पंजाब से आए सोने के व्यापारियों से बिना बिल के लगभग 2 किलो सोने के आभूषण पकड़ने में कामयाबी हासिल की हैं। विभाग के अनुसार जब उक्त व्यापारी से सोने के बिल की मांग की गई तो उसे दिखाने में उसने असमर्थता व्यक्त की जिसके बाद विभाग ने आबकारी एवं कराधान एक्ट के तहत सोने का मूल्यांकन कर उस पर जुर्माना डाला।
विभाग की ओर से अब व्यापारी से प्राप्त सूचना पर आगामी कार्रवाई भी अमल में लाएगी और जिन सोने के व्यापारियों से बिना टैक्स दिए सोना खरीदा जाता है उन पर कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वरुण कटोच ने बताया कि उन्हें सोने की तस्करी की सूचना मिली थी। जब छानबीन शुरू हुई तो उक्त व्यक्ति के पास 2 किलोग्राम के आसपास सोने की ज्वेलरी बरामद की गई। संबंधित व्यक्ति इसके कागजात नहीं दिखा पाया।उन्होंने बताया कि बगैर बिल के सोने पर 6.55 लाख जुर्माना वसूला गया हैं।
