मंडी : धर्मवीर – मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू लाहौल-स्पिति व कुल्लू जिला के हवाई सर्वेक्षण के बाद बुधवार शाम को मण्डी पहुंचे। मंडी पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने भ्यूली स्थित ब्यास सदन व मण्डी गुरूद्वारा साहिब में स्थापित राहत शिविरों में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर उन्होंने शिविरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों को 25-25 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
ग्रीफ के माध्यम 250 के करीब पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जाएगा बाहर
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मण्डी केे पंडोह में बाढ़ और बारिश से बड़े स्तर पर दुकानों और मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने इसके दृष्टिगत पंडोह में प्रभावित परिवारों को एक-एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि जिला प्रशासन को राहत कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बनाने के लिए थोड़ा समय आवश्य लगेगा। इस भीषण आपदा से प्रदेश में प्रथम दृष्टया लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने केन्द्र से भी वित्तीय सहायता के लिए आग्रह किया है। कुल्लू मनाली के लिए अस्थाई तौर पर बिजली- पानी की सुविधा बहाल करने के साथ मोबाइल कनेक्टिविटी को भी शुरू कर दिया गया है। सीएम ने कहा कि लाहौल स्पीति के चंद्रताल में अभी भी हालात गंभीर बने हुए हैं। चंद्रताल में चारों ओर बर्फ होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी हो रही है। चारों ओर बर्फ होने के कारण हेलीकॉप्टर लैंड नहीं हो रहे हैं अब ग्रीफ के माध्यम 250 के करीब पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री आज भारी धुंध व मौसम खराब होने के कारण थुनाग क्षेत्र का दौरा नहीं कर पाए। उन्होंने थुनाग में बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, एपीएमसी मण्डी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर सहित अन्य भी मौजूद रहे।
