ऊना/राकेश-:आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने और उन्हें रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने उपमंडलीय पशु चिकित्सालय बंगाणा में विशेष शिविर का आयोजन किया। केंद्र सरकार की डॉग्स बर्थ कंट्रोल (डॉग्स जन्म नियंत्रण) योजना के तहत आयोजित इस शिविर में विभिन्न ग्राम पंचायतों से लाए गए कुल 40 आवारा एवं पालतू श्वानों की नसबंदी की गई। इसके अलावा सभी श्वानों को विभाग की ओर से मुफ्त एंटी रेबीज वैक्सीन भी लगाई गई।
डॉ. वीरेंद्र पटियाल के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी बंगाणा डॉ. राजेश कुमार जंगा के नेतृत्व में शिविर का सफल आयोजन किया गया।इस दौरान जोनल पशु चिकित्सालय से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम भी विशेष रूप से बंगाणा पहुंची। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निर्धारित चिकित्सा प्रक्रियाओं और पूरी सावधानी के साथ श्वानों की नसबंदी की।शिविर में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पशुपालक अपने पालतू श्वानों को लेकर पहुंचे। वहीं, स्थानीय लोगों के सहयोग से आवारा श्वानों को भी पशु चिकित्सालय लाया गया। विभागीय टीम ने नसबंदी और टीकाकरण के साथ श्वानों के स्वास्थ्य की जांच भी की। इसके अतिरिक्त पशुपालकों को अपने पालतू पशुओं की उचित देखभाल और नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित करना मुख्य उद्देश्य
डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी एक प्रभावी और मानवीय उपाय है। डॉग्स बर्थ कंट्रोल योजना के माध्यम से श्वानों की अनियंत्रित प्रजनन दर पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे जहां आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, वहीं आम जनता और पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।उन्होंने कहा कि रेबीज एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है। इससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण करवाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से विभाग नसबंदी के साथ मुफ्त एंटी रेबीज वैक्सीन की सुविधा भी उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने पशुपालकों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने पालतू श्वानों का नियमित टीकाकरण करवाएं और आवारा श्वानों के प्रति भी संवेदनशील व्यवहार अपनाएं।
