संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश के दौरान भारी नुकसान हुआ हैं। बारिश के चलते आई आपदा से अभी तक प्रदेश सरकार को 5 हजार 700 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो चुका हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अनुसार हिमाचल में नुकसान का आंकलन आठ हजार करोड़ के पार हैं। ऐसे में प्रदेश को इस आपदा के समय में केंद्र सरकार से उम्मीदें हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बारिश से भारी नुकसान हुआ हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को दी जाने वाली राहत राशि में भी बढ़ोतरी की हैं।
मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार बेहतरीन काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री दिल्ली में केंद्र से मदद मांगने के लिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश को केंद्र से मदद की उम्मीद हैं उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री लगातार ग्राउंड जीरो पर काम कर रहे हैं। सरकार के मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं और प्रभावितों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
किशोरी लाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कई लोगों की जान भी चली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लापता लोगों की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन भी युद्ध स्तर पर चला रही हैं।
