18 विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने गांधी चौक पर किया प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की दी चेतावनी
हमीरपुर, अरविंद-। लंबे समय से लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान न होने से नाराज पेंशनरों का आक्रोश अब सड़कों पर नजर आने लगा है। अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए प्रदेश के 18 विभागों के पेंशनरों ने संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में सोमवार को गांधी चौक हमीरपुर में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लंबित देनदारियों को जल्द जारी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल पेंशनरों ने कहा कि सरकारी सेवाओं में अपना जीवन समर्पित करने के बाद भी उन्हें आर्थिक लाभों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। वर्ष 2016 के बाद से उनके कई वित्तीय लाभ लंबित हैं। पेंशनरों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है, जबकि उच्च न्यायालय की ओर से भी वित्तीय लाभ छह प्रतिशत ब्याज सहित जारी करने के आदेश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद भुगतान में लगातार देरी की जा रही है।
जिला पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डीएस ढटवलिया ने कहा कि पेंशनरों की वित्तीय देनदारियां लंबे समय से लंबित हैं।न्यायालय के आदेशों के बावजूद सरकार द्वारा भुगतान नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपनी पूरी जिंदगी सरकारी सेवाओं में लगा दी है और अब उन्हें अपने अधिकारों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। सरकार को बिना किसी देरी के सभी लंबित वित्तीय लाभ जारी करने चाहिए।
वहीं, समिति के जिला अध्यक्ष मनोहर ने कहा कि पेंशनरों को उनके जायज अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। बुजुर्ग अवस्था में उन्हें अपने परिवार और स्वास्थ्य के साथ समय बिताना चाहिए, लेकिन सरकार की अनदेखी के चलते वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय लाभ पेंशनरों का अधिकार हैं, न कि सरकार की ओर से दी जाने वाली कोई मेहरबानी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 19 दिसंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। धरने के माध्यम से पेंशनरों ने सरकार से लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग दोहराई।
