ऊना में पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, पांचवें दिन भी धरना जारी
ऊना,राकेश-:हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों का अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। ऊना में हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। धरना स्थल पर ‘साडा हक ऐथे रख’ के नारों से माहौल गूंजता रहा।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। कई बार अपनी समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। पेंशनरों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद अपने हक हासिल करने के लिए उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति ने अब आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। समिति ने ऐलान किया है कि 19 नवंबर को धर्मशाला में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन के जरिए सरकार तक अपनी मांगों की आवाज पहुंचाई जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो विधानसभा का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।पेंशनरों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय हिमाचल प्रदेश की सेवा में बिताया है। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सम्मानजनक सुविधाएं और अपने अधिकार पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेंशनरों के प्रतिनिधियों के साथ जल्द बातचीत की जाए और लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।पेंशनरों ने साफ किया कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाती। अब 19 नवंबर को धर्मशाला में होने वाले प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
