शिमला: चन्द्रिका (TSN)- हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक प्रकट किया है। अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि सिम्मी अग्निहोत्री के निधन का समाचार सुनकर वह निशब्द हैं तथा भयभीत हैं।
मिलनसार, सौम्य स्वभाव और उदार दिल की महिला थी सिम्मी अग्निहोत्री
कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि वह एक मिलनसार, सौम्य स्वभाव और उदार दिल की महिला थी। उनका लोगों के साथ विशेष जुडाव रहता था और हरोली निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ उनका एक अनोखा रिश्ता था। उनका निधन अपूर्णीय क्षति है जिसकी भरपाई करना नामूमकिन है। पठानियां ने कहा कि प्रो सिम्मी अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में लोक प्रशासन विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थी,जहां उन्होने अपनी योग्यता से अपनी विशेष पहचान बना रखी थी। उन्होने कहा कि उनका अग्निहोत्री परिवार के साथ एक विशेष रिश्ता रहा है और सिम्मी उस रिश्ते को बखुबी निभाती थी। पठानियां ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है। विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा और संयुक्त निदेशक विधान सभा हरदयाल भारद्वाज ने भी दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है और परिवार को इस असहनीय कष्ट से उभरने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
