Mandi, 1 May ( TSN)-मंडी जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुंदरनगर के पास दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान से चिट्टा लेकर मंडी की ओर आ रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने युवकों के पास से 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
अंधेरे में फेंकने की कोशिश, लेकिन नहीं बच पाए आरोपी
घटना मंगलवार रात की है, जब दोनों युवक सुंदरनगर से पैदल मंडी की ओर बढ़ रहे थे। एसआईयू की टीम पहले से ही गश्त पर थी और नाके पर तैनात थी। पूछताछ के लिए रोके जाने पर एक आरोपी ने चिट्टे का पैकेट अंधेरे में फेंकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत उसे बरामद कर लिया। जांच में पैकेट से 20 ग्राम चिट्टा मिला।
गिरफ्तार आरोपी: दौसा, राजस्थान के निवासी
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 21 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र लीला राम और 29 वर्षीय लोकेश कुमार पुत्र हीराराम, निवासी गांव व डाकघर भंडारी, तहसील सिकराई, जिला दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धनोटू थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने दी पुष्टि
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका गंतव्य क्या था।
राजस्थान से हिमाचल में नशे की तस्करी पर पुलिस की सख्त नजर
हाल के दिनों में मंडी जिले में राजस्थान से आए कई संदिग्ध व्यक्तियों को चिट्टे के साथ पकड़ा गया है। ऐसे में मंडी पुलिस अब राजस्थान से आने वालों पर विशेष निगरानी रख रही है। पुलिस की जांच इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है.
