Hamirpur, Arvind Singh (TSN)-कांगड़ा जिले में विकसित किया जा रहा बनखंडी स्थित दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान देश का पहला ऐसा चिड़ियाघर बनने जा रहा है जिसे इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) द्वारा प्लेटिनम रेटिंग प्रदान की जाएगी। यह रेटिंग भारत में हरित और टिकाऊ निर्माण के उच्चतम मानकों को दर्शाती है।
वन्य प्राणी प्रभाग के डीएफओ रेजिनॉल्ड रायस्टन ने बताया कि इस वर्ष चिड़ियाघर के अधिकार क्षेत्र में 21,000 फलदार पौधे लगाए जाएंगे।इन पौधों की आपूर्ति हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान (एचएफआरआई) द्वारा की जाएगी। प्लांटेशन के इस बड़े अभियान का उद्देश्य न केवल पर्यावरण को समृद्ध करना है, बल्कि यहां लाए जाने वाले वन्य प्राणियों के लिए एक अनुकूल और स्वाभाविक वातावरण तैयार करना भी है।चिड़ियाघर में 17 से अधिक एनक्लोजर का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। साथ ही, सौर ऊर्जा के उपयोग और वर्षा जल संचयन जैसी पर्यावरण हितैषी तकनीकों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जो IGBC की प्लेटिनम रेटिंग प्राप्त करने की प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
डीएफओ रायस्टन ने बताया कि सभी आवश्यक मानदंडों को पूरा करने के बाद बनखंडी प्राणी उद्यान देश का पहला ऐसा चिड़ियाघर होगा जिसे IGBC प्लेटिनम रेटिंग प्राप्त होगी। यह न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श उदाहरण होगा कि किस प्रकार पर्यावरण के अनुकूल ढांचे विकसित किए जा सकते हैं।
आईजीबीसी प्लेटिनम रेटिंग का महत्व
इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल द्वारा दिया जाने वाला प्लेटिनम रेटिंग प्रमाणपत्र निर्माण क्षेत्र में टिकाऊपन, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे मापदंडों के आधार पर दिया जाता है। बनखंडी चिड़ियाघर इस दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, जो देश के अन्य राज्यों को भी प्रेरित करेगा।
