Mandi, Dharamveer-जोगिंदर नगर थाना के तहत पड़ने वाले लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खुड्डी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन युवतियाँ घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब करलोन (खुड्डी) गांव में बोलेरो गाड़ी एक मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी गांव के ही एक व्यक्ति की थी जिसे 28 वर्षीय तनु, पत्नी विवेक, चला रही थीं। गाड़ी में मुस्कान (18) पुत्री सरवन, काजल (19) निवासी कोलंग और मीना देवी (36) पत्नी सरवन खुड्डी भी सवार थीं। मोड़ पर नियंत्रण खो बैठने के कारण वाहन खाई में जा गिरा, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया गया। जहां डॉ. निखिल शर्मा ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति गंभीर होने के कारण तनु, मीना देवी और मुस्कान को सिविल अस्पताल बैजनाथ रैफर किया गया। उपचार के दौरान मीना देवी ने दम तोड़ दिया। घटना की पुष्टि करते हुए लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
