Mandi, Dharamveer –देव कमरूनाग मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस शनिवार रात को एक हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना जयदेवी क्षेत्र के फगवाओ नामक स्थान पर रात करीब 8:30 बजे पेश आई, जब एक निजी बस ढलान पर असंतुलित होकर पलट गई। बस में सवार सभी यात्री प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं, जिनमें से 14 को मामूली चोटें आई हैं।
घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुंदरनगर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क की संकरी और ढलानदार स्थिति के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलटी। दुर्घटना के समय बस में सवार सभी लोग कमरूनाग में चल रहे सरानाहुली उत्सव से दर्शन कर लौट रहे थे।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।बता दें कि कमरूनाग क्षेत्र में इन दिनों सरानाहुली मेला चल रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। लौटते वक्त हुई यह दुर्घटना कई सवाल भी खड़े कर रही है, खासकर परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर।
