Hamirpur, Arvind Singh-बरसात के मौसम में हमीरपुर ज़िले के कई इलाकों में मटमैले और गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। पानी की इस बदतर स्थिति के खिलाफ अब उपभोक्ता संगठन भी मुखर हो गया है।
हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने जल शक्ति विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा, “बरसात के मौसम में लोगों को बेहद गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं।”इस मुद्दे को लेकर संगठन ने जल शक्ति विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
जल शक्ति विभाग ने बताए प्राकृतिक कारण
जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दुबे ने समस्या को प्राकृतिक कारणों से जोड़ते हुए बताया कि जिले की अधिकतर जल योजनाएं व्यास नदी पर निर्भर हैं। भारी वर्षा के कारण नदी में मलबा और गाद बढ़ जाती है, जिससे फिल्ट्रेशन प्लांट्स पर दबाव बढ़ता है और पानी गंदा हो जाता है।उन्होंने यह भी कहा कि विभाग पूरी कोशिश कर रहा है कि साफ पानी ही लोगों तक पहुंचे, लेकिन भारी बारिश के कारण तकनीकी चुनौतियां सामने आ रही हैं।
मुख्य अभियंता ने आम जनता से अपील की कि वे पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ियां और वर्षा जल संचयन (रेनवाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाएं, ताकि जल संकट से राहत मिल सके।
