Una, Rakesh -हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र में बन रहे बल्क ड्रग पार्क को लेकर केंद्र सरकार ने पर्यावरण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस जारी कर दी है।बीजेपी नेता रामकुमार शर्मा ने ऊना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह प्रोजेक्ट प्रदेश के लिए रोजगार और विकास का बड़ा अवसर है।
रामकुमार शर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष से जुड़े लोगों ने इस प्रोजेक्ट को रोकने के लिए अदालत तक का रुख किया था।रामकुमार शर्मा ने बताया कि हिमाचल में बीजेपी सरकार के कार्यकाल के दौरान केंद्र से बल्क ड्रग पार्क की स्वीकृति मिली थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊना आकर इसका शिलान्यास किया था।उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बदलने के बाद भी केंद्र ने इसके लिए फंड जारी किया, जबकि कांग्रेस सरकार ने पर्यावरण-फॉरेस्ट क्लीयरेंस लेने में दो साल का समय लगा दिया।
शर्मा का कहना है कि अब जब क्लीयरेंस मिल गई है, तो प्रदेश सरकार को तेजी से काम आगे बढ़ाना चाहिए।बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि जिस प्रोजेक्ट को रोकने के लिए कांग्रेस नेता हथकंडे अपनाते रहे, आज उसी को देश का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताया जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि बल्क ड्रग पार्क शुरू होने के बाद प्रदेश में लगभग 20 हज़ार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
