Bilaspur, Subhash-:अपनी मांगों को लेकर चल रहा टिप्पर यूनियन का धरना बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्पष्ट किया कि जब तक कंपनी प्रबंधन उनकी जायज मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।यूनियन ने आरोप लगाया कि लगातार तीन दिनों से धरने पर बैठे होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई वार्ता नहीं की गई है, जिससे सदस्यों में गहरा रोष व्याप्त है।
धरने के तीसरे दिन जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और यूनियन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।उन्होंने कहा कि टिप्पर ऑपरेटरों की मांगें पूरी तरह से उचित हैं और उनकी अनदेखी करना अन्यायपूर्ण है। गौरव शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी गावर कंपनी द्वारा बिलासपुर के लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई थी और रोजगार देने के वादे पूरे नहीं किए गए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने जल्द ही यूनियन की मांगों को नहीं माना, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। गौरव शर्मा ने प्रशासन से भी अपील की कि वह जल्द हस्तक्षेप कर मामले का सकारात्मक समाधान निकाले, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
