Bilaspur, Subhash-:टीपर यूनियन की मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य लगातार धरने पर डटे रहे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना है कि जब तक कंपनी उनकी जायज मांगों को नहीं मानती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
धरने के दूसरे दिन भी कंपनी प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की बातचीत न होने पर यूनियन सदस्यों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यूनियन नेताओं का आरोप है कि प्रबंधन की उदासीनता से क्षेत्र के सैकड़ों टीपर ऑपरेटरों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।मंगलवार को हिमाचल प्रदेश को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर यूनियन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि टीपर ऑपरेटरों की मांगें पूरी तरह से उचित हैं और वह इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और प्रशासन से बातचीत करेंगे। शर्मा ने कहा कि इन ऑपरेटरों के माध्यम से ही क्षेत्र में माल ढुलाई का कार्य सुचारू रूप से चलता है,इसलिए यूनियन की अनदेखी करना अनुचित है।
इसके अलावा जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह ने भी धरने में शामिल होकर टीपर यूनियन के साथ एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि यूनियन के संघर्ष में वह पूरी मजबूती से साथ हैं और जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।धरना स्थल पर यूनियन सदस्य लगातार नारे लगाकर सरकार और कंपनी प्रबंधन से न्याय की मांग कर रहे हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
