Mandi, Dharamveer-:हिमाचल प्रदेश वोविनाम एसोसिएशन की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन आगामी चार वर्षों के लिए कर दिया गया है। मंडी में आयोजित एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट (हाई कोर्ट शिमला) की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। सर्वसम्मति से पारस वैद्य को प्रदेशाध्यक्ष और जोगिंद्र सिंह आजाद को महासचिव चुना गया।
नवगठित कार्यकारिणी 2025 से 2029 तक अपना कार्यकाल पूरा करेगी। कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में मंडी जिला से बृज लाल चौहान को चुना गया है, जबकि सिरमौर से मोहम्मद जावेद, बिलासपुर से रविन्द्र कुमार और शिमला से सुरेन्द्र कुमार शर्मा उपाध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त, मोहिंद्र पाल (मंडी) को वाइस चेयरमैन, विशाल सिंह रनौत (बिलासपुर) और परषोतम सिंह ठाकुर (कांगड़ा) को संयुक्त सचिव, तथा राकेश कुमार (मंडी) को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कुल्लू से सुधीर कुमार और कांगड़ा से राशी अवस्थी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया।
महासचिव जोगिंद्र सिंह आजाद ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से हिमाचल प्रदेश में वोविनाम एसोसिएशन सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और अब तक कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं।उन्होंने चुनाव की अनुमति प्रदान करने के लिए वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग का धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं, नव-निर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष पारस वैद्य ने उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का आभार जताया और आगामी कार्यकाल में एसोसिएशन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।
