Shimla, 18 December-:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जुब्बल में आयोजित एक समारोह में ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास की उन छात्राओं को सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शिक्षा मंत्री ने धान्टा (कोटखाई) की प्रीति तथा सिरमौर की रिया को चीन में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। ये तीनों छात्राएं खेल छात्रावास की निवासी हैं।इस अवसर पर रोहित ठाकुर ने कहा कि ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल क्षेत्र का एक प्राचीन और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। अब इस विद्यालय को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो चुकी है, जिससे भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा तथा यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।उन्होंने कहा कि यह खेल छात्रावास जिला शिमला का एक महत्वपूर्ण खेल प्रशिक्षण केंद्र है, जहां की छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्तमान में छात्रावास में 55 छात्राएं वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वर्ष 2025 में विद्यालय एवं फेडरेशन स्तर पर 33 छात्राओं का राष्ट्रीय तथा 3 छात्राओं का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें से ठाकुर रामलाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या) खेल छात्रावास सबसे बड़ा बनकर उभरा है। इस छात्रावास की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। हाल के दो वर्षों में यहां वॉलीबॉल के साथ-साथ कबड्डी और बैडमिंटन को भी शामिल किया गया है। वर्तमान में यहां वॉलीबॉल और कबड्डी की 20-20 सीटें तथा बैडमिंटन की 15 सीटें उपलब्ध हैं।उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 2 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से छात्रावास के नए भवन का निर्माण किया गया है, जिससे छात्राओं को बेहतर आवासीय एवं प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी।
खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का विशेष महत्व है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी को 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दिया है तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की व्यवस्था भी की गई है।
शिक्षा मंत्री ने राजकीय चिकित्सालय जुब्बल का किया निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय चिकित्सालय जुब्बल का निरीक्षण कर वहां चल रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि सिविल अस्पताल जुब्बल एक महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान है और इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।उन्होंने बताया कि अस्पताल में ईसीजी मशीन स्थापित कर दी गई है तथा एक्स-रे मशीन को भी दुरुस्त किया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए बिजली हीटर, कंबल तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में नर्सों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने का आश्वासन भी दिया।
समाजसेवी शेर सिंह शर्मा को किया सम्मानित
शिक्षा मंत्री ने बढ़ाल पंचायत के सरहाना गांव निवासी शेर सिंह शर्मा को उनके समाजसेवी योगदान के लिए सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि शेर सिंह शर्मा पंचायती राज विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और वे पिछले कई वर्षों से प्रत्येक माह अपनी पेंशन से 1000 रुपये की राशि अस्पताल प्रशासन को दान कर रहे हैं।शिक्षा मंत्री ने उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
