Mandi, Dharamveer-:मंडी शहर के पड्डल मैदान परिसर में स्थित खेल विभाग की दुकानों के दुकानदारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। दुकानदारों ने उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपकर लंबे समय से चली आ रही दिक्कतों के शीघ्र समाधान की मांग की।
पड्डल स्टेडियम शॉपिंग कॉम्पलेक्स के अध्यक्ष तोष कुमार शर्मा ने बताया कि मंडी जिला में बीते लगभग छह महीनों से जिला खेल अधिकारी का पद रिक्त चल रहा है। अधिकारी की नियुक्ति न होने के कारण दुकानदारों के एग्रीमेंट अभी तक नवीनीकृत नहीं हो पाए हैं। इसका सीधा असर किराया अदायगी पर पड़ा है, जिससे दुकानदारों को करीब दो महीनों का किराया एक साथ चुकाने की स्थिति बन गई है।उन्होंने बताया कि केवल एग्रीमेंट का मामला ही नहीं, बल्कि दुकानों की हालत भी चिंता का विषय बनी हुई है। कई दुकानों में मरम्मत की आवश्यकता है, लेकिन समय पर रखरखाव न होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके अलावा दुकानों के आगे बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बरसात के मौसम में दुकानों के भीतर पानी भरने का खतरा बना रहता है और व्यापार प्रभावित होता है।
दुकानदारों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त मंडी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन के निर्देशों पर जिला कुल्लू की खेल अधिकारी, जो वर्तमान में मंडी जिला के खेल अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही हैं, ने पड्डल मैदान स्थित दुकानों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों ने उन्हें सभी समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग रखी।तो
ष कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिला खेल अधिकारी और जिला प्रशासन की ओर से दुकानदारों को भरोसा दिलाया गया है कि उनकी समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान किया जाएगा। एग्रीमेंट नवीनीकरण, मरम्मत कार्य और पानी की निकासी से जुड़ी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का आश्वासन दिया गया है।
गौरतलब है कि पड्डल मैदान परिसर में करीब 75 दुकानें हैं, जिनका संचालन और रखरखाव जिला खेल विभाग द्वारा किया जाता है। दुकानदारों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप से अब उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा।
