हमीरपुर, अरविंद-: सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत हमीरपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक किया। गांधी चौक से शुरू हुई इस रैली को सतर्कता विभाग हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष डडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य बाजार में भ्रष्टाचार मिटाने और ईमानदारी को बढ़ावा देने के नारे लगाए। रैली के समापन पर विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और सतर्कता बरतने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष डडवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 26 से 31 अक्टूबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से विभाग की ओर से शिक्षण संस्थानों और पंचायतों में जाकर पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया गया है।डडवाल ने बताया कि जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए आगामी दिनों में सतर्कता विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हमीरपुर के उखली से नादौन तक जागरूकता पथ यात्रा निकालेंगे। इस दौरान लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई सरकारी काम करवाने के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना सतर्कता विभाग को दें। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

