राहुल चावला , धर्मशाला | जिला कांगड़ा कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन व सरकार के मध्य समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर वर्कर की बात सुनी जाएगा, अब जिला में में वर्कर बड़ा होगा, न कि नेता। शनिवार को धर्मशाला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के हर गांव, हर बूथ और हर विधानसभा तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। अनुराग शर्मा ने जिला के हर ब्लाक में कार्यकारिणी गठित होने उपरांत हर माह ब्लाक कांगे्रस कमेटी की बैठकें आयोजित करना सुनिश्चित की जाएंगी, जिसमें नेताओं का कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित हो सके।
काम करने वालों को मिलेगी तरजीह
अनुराग शर्मा ने कहा कि जिला कार्यकारिणी में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी, आगामी दस से पंद्रह दिन में जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया जाएगा। अनुराग ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि आगामी 10-15 दिनों में ब्लाक कार्यकारिणी भी घोषित कर दी जाएंगी। पीसीसी और डीसीसी गठन में भले ही देर हुई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं।
संगठन की डिमांड होगी सर्वोपरि
अनुराग ने कहा कि मुख्यंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आश्वासन दिया है कि अब संगठन की हर डिमांड सर्वोपरि होगी। जिला कांगड़ा में बैठकों का दौर शुरू कर दिया। बैठकों में मनरेगा बचाओ संग्राम बारे जानकारी प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को धीरा में जिला स्तरीय क्रमिक भूख हड़ताल 11 बजे से लेकर 3 बजे तक होगी।
