Shimla, Sanju-:भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला के जिलाध्यक्ष केशव चौहान ने कहा है कि देशभर में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ऑफ द वोटर लिस्ट (SIR) अभियान की वास्तविक आवश्यकता और उद्देश्य को आम जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा जिला शिमला आने वाले दिनों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा।
केशव चौहान ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग आकर बस गए, जिनकी नागरिकता और मतदाता सूची में नाम को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका प्रभाव यह हुआ कि वास्तविक भारतीय नागरिक, जो देश के अधिकारों और सुविधाओं के असली हकदार हैं, कई बार वंचित रह जाते हैं। इसी पृष्ठभूमि में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) आवश्यक हो गया है।उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों में SIR लागू होने के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी इसकी मूल वजह और महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए शिमला में शीघ्र ही एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
केशव चौहान ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल तथा कार्यक्रम के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया पहले ही सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को इस अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे चुके हैं। जिला शिमला के छह मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और जनता को जागरूक करने का कार्य करेंगे।
