परवाणू । पुलिस के अनुसार बुधवार रात ईएसआई अस्पताल, परवाणू से सूचना मिली कि एक युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां ईशान (27) पुत्र विजय कुमार, निवासी तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) को गंभीर रूप से घायल अवस्था में भर्ती पाया गया।
लोहे की रॉड और डंडों से हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ईशान अपने एक साथी के साथ टैक्सी लेकर कालका से परवाणू आया था। सवारियां उतारने के बाद वह कसौली चौक से मोबाइल खरीदकर वापस कालका लौट रहा था। इसी दौरान कसौली चौक के पास 6–7 युवकों ने उस पर अचानक लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसकी टांग में कई फ्रैक्चर हुए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
वीडियो वायरल, सीसीटीवी से हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक को बेरहमी से पीटते रहे। वह मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन दहशत के कारण कोई आगे नहीं आया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्य और अन्य भौतिक प्रमाणों का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया।
सभी आरोपी कालका के निवासी
जांच में सामने आया कि सभी आरोपी हरियाणा के कालका क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान हर्षदीप सिंह (23) पुत्र प्रदीप सिंह निवासी जट्टां माजरी, अमन (22) पुत्र राम किशन निवासी गिदरांवाली, निखिल चौरसिया (31) पुत्र स्वर्गीय नीलकंठ निवासी पानीवाला पड़ाव, भरत भूषण (25) पुत्र स्वर्गीय किशोरी लाल निवासी माजरा मेहताब और योगराज उर्फ पिंकी गुज्जर (35) निवासी माजरा मेहताब, कालका के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।
