Solan, 28 January-:भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सोलन द्वारा सोलन के ऐतिहासिक माल रोड पर चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के समर्थन में एक विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व को लेकर आम जनता, विशेषकर युवाओं में जागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने संदेश दिया कि वोट प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और लोकतंत्र की असली ताकत निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान प्रणाली में निहित है। यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता न बन सके।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केवल भारतीय नागरिक को ही मताधिकार मिलना चाहिए। जो घुसपैठिए देश के संसाधनों पर बोझ बने हुए हैं, उन्हें वोट का अधिकार देना देश और लोकतंत्र के साथ अन्याय और धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा एसआईआर अभियान का विरोध करना उनकी तुष्टीकरण की राजनीति को दर्शाता है।डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड ने पूरी दुनिया को भारत की सामरिक शक्ति और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं से परिचित कराया। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। साथ ही उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को देश के आर्थिक विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ वस्त्र, लघु उद्योग, हथकरघा, कृषि, बागवानी और मत्स्य पालन क्षेत्रों को नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के दौर में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए कूटनीतिक और आर्थिक समझौते भारत को और अधिक मजबूत बना रहे हैं। इसके लिए पूरे देश को प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए निरंतर अरबों रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 2500 करोड़ रुपये की राशि से प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में सड़क निर्माण कर लोगों के जीवन को आसान बनाया गया है।उन्होंने शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों को चंडीगढ़ और दिल्ली से जोड़ने वाली छैला–ओच्छघाट सड़क के सुधार हेतु 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति को हिमाचल के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा तथा शिमला लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप का आभार व्यक्त किया।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने की होड़ में लगी है, जबकि इस परियोजना में कांग्रेस सरकार का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार से लाखों सेब उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।पंचायतीराज चुनावों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लटकाया है। उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद संभवतः अप्रैल माह में चुनाव होंगे। भाजपा का स्पष्ट मत है कि चुनाव होने तक वर्तमान में चुने हुए पंचायतीराज प्रतिनिधियों को ही कार्यरत रखा जाना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
