धर्मशाला,राहुल-:जिला मुख्यालय धर्मशाला के पुलिस मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चौधरी चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राज्य शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। मंत्री ने वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर अमर ज्योति प्रज्वलित की और उनके बलिदान को नमन किया। इसके बाद पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली।पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और अन्य टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया। वहीं विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समारोह में रंग भर दिए।कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री प्रोफेसर चौधरी चंद्र कुमार ने प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद से प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने वर्तमान प्रदेश सरकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की सराहना की। गोबर खरीद योजना को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर रही है और अतिरिक्त गोबर की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री ने महिला आरक्षण बिल को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के महत्वपूर्ण विधेयक पर सभी पक्षों को साथ लेकर चर्चा की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने जनगणना और परिसीमन के बिना ऐसे फैसलों को जल्दबाजी बताया।मंत्री ने यह भी कहा कि देश में चल रही चुनावी प्रक्रियाओं के बीच इस तरह के बिल लाना राजनीतिक रूप से प्रेरित प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी के निर्णय के अनुरूप ही प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख तय करेगी।
