हमीरपुर-:हमीरपुर में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा बचत भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं और सामाजिक संगठनों के सदस्यों सहित कुल 66 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और समाज में रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया।
शिविर के दौरान मंडी मंडल के आयुक्त आरके पुर्थी, जिलाधीश एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़, होमगार्ड्स कमांडेंट विनय कुमार तथा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र, कैप और रिफ्रेशमेंट प्रदान कर उनका सम्मान किया।मंडल आयुक्त आरके पुर्थी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की। वहीं, जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि रेडक्रॉस संस्था हमेशा जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
TAGGED:
Hamirpur Red cross society
Chandrika
