शिमला, समर न्यूज ब्यूरो—: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को आज मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड की ओर से मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए 73.92 लाख रुपये का चेक भेंट किया। यह राशि निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत प्रदान की गई है। मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड एक सरकारी उपक्रम कंपनी है, जिसे ऐतिहासिक वाइल्डफ्लावर हॉल के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे योगदान समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड को मजबूत बनाया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं और कंपनी लाभकारी संस्थान के रूप में उभर रही है।मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 120 वर्ष पुरानी वाइल्डफ्लावर हॉल संपत्ति लगभग तीन दशकों तक कानूनी विवादों में फंसी रही। राज्य सरकार ने इस मामले में कानूनी विशेषज्ञों की सेवाएं लेकर मजबूत पक्ष रखा, जिसके चलते सर्वोच्च न्यायालय ने 20 फरवरी 2024 को संपत्ति का कानूनी अधिकार हिमाचल सरकार को सौंप दिया। इसके बाद 31 मार्च 2025 को सरकार को इसका भौतिक कब्जा भी प्राप्त हो गया।इस अवसर पर प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार और मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी मौजूद रहे।
TAGGED:
Shimla CM sukhu
Chandrika
