शिमला, संजू -:शिमला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में पंचायतीराज चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बल्देयां जिला परिषद वार्ड नंबर-18 से कांग्रेस पार्टी ने ओम प्रकाश को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। शुक्रवार को ओम प्रकाश ने बड़ी संख्या में समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शिमला ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने उम्मीदवार के प्रति विश्वास जताया। राजनीतिक गलियारों में ओम प्रकाश को कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह का करीबी माना जा रहा है, जिसके चलते इस वार्ड का चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।ओम प्रकाश इससे पहले ग्राम प्रधान के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र की जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वे विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है और उसी दिशा में बल्देयां वार्ड को भी विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Chandrika
