बिलासपुर, सुभाष -:बिलासपुर में नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर टोनी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना रोष जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटना बेहद गंभीर है, जिसने लाखों छात्रों की मेहनत और भरोसे को नुकसान पहुंचाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के साथ यह सीधा अन्याय है।प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर टोनी ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले ने पूरे देश के छात्रों को आक्रोशित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में राजनीतिक संरक्षण के चलते बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार सामने आया है। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स में भाजपा से जुड़े एक नेता की गिरफ्तारी और लाखों रुपये में पेपर उपलब्ध कराने जैसे आरोप सामने आए हैं, जिससे शिक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।उन्होंने कहा कि करीब 22 लाख छात्रों के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा में धांधली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। एनएसयूआई लगातार छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
प्रदेश महासचिव ईशान ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का विश्वास टूट रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो एनएसयूआई देशभर में आंदोलन तेज करेगी और जनप्रतिनिधियों का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
TAGGED:
Bilaspur NSUI protest
Chandrika
