चिंतपूर्णी, विकास -:जिला परिषद प्रागपुर वार्ड में चुनाव प्रचार के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सम्मान की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। चुनावी मैदान में आमने-सामने खड़े भाजपा समर्थित उम्मीदवार केशव पराशर और निर्दलीय प्रत्याशी गगन पराशर की मुलाकात ने क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया।
प्रचार अभियान के दौरान दोनों प्रत्याशी अचानक एक ही स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने सौहार्दपूर्ण माहौल में एक-दूसरे का अभिवादन किया। दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया और कुशलक्षेम पूछकर आपसी सम्मान का परिचय दिया।चुनावों के दौरान अक्सर राजनीतिक मतभेद और तीखी बयानबाजी देखने को मिलती है, लेकिन प्रागपुर वार्ड में सामने आई यह तस्वीर लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं को दर्शाती है। दोनों नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात को वहां मौजूद लोगों ने सराहा और इसे राजनीतिक शिष्टाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चुनावी प्रतिस्पर्धा अपनी जगह है,लेकिन व्यक्तिगत संबंधों और आपसी सम्मान को बनाए रखना लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र में दोनों प्रत्याशियों की यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचा रही है।
