मंडी, धर्मवीर-:रिवालसर क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया।सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही एक निजी बस का स्टीयरिंग रॉड अचानक टूट जाने से बस अनियंत्रित हो गई। हादसे में करीब 10 से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल रिवालसर ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
चालक की सूझबूझ से बचीं कई जानें, घायलों को उपचार के बाद घर भेजा गया
पुलिस के अनुसार निजी बस (एचपी-31ए-4889) सरकाघाट से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। दुर्गापुर से करीब तीन किलोमीटर आगे डयाऊ नाला के पास अचानक बस का स्टीयरिंग रॉड टूट गया। इससे बस चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे नाली की ओर मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कई यात्रियों की जान बच गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल रिवालसर पहुंचाया गया।सभी यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं।मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलट गई थी।हादसे में 10 से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार करवाने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।
