मंडी/ धर्मवीर- मेडिकल-नॉन मेडिकल 12वीं पास अविवाहित युवक-युवतियों के लिए डॉ रेड्डीज लैबोरेट्रीज कंपनी में नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। कंपनी द्वारा सेल्फ मैनेजड ट्रेनी के 70 पदों पर सोलन जिला के बद्दी के लिए यह भर्तियां की जा रही है। इच्छुक युवा 8 जून को संबंधित दस्तावेजों के साथ जिला रोजगार कार्यालय मंडी स्थित खलियार में साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। नौकरी पाने के लिए आयु सीमा 18-20 वर्ष ही रहेगी। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने दी।
रोजगार अधिकारी ने बताया कि कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को उत्पादन विभाग में मशीन संचालन से संबंधित कार्य करना होगा। इन पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं (मेडिकल अथवा नॉन-मेडिकल) न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता में कम्पार्टमेंट अथवा शिक्षा में गैप है, वे पात्र नहीं होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 2.09 लाख रुपये वार्षिक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा सब्सिडाइज्ड भोजन, आवास एवं परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। कंपनी के अनुसार अभ्यर्थियों की आंखों की दृष्टि पूर्णतः सामान्य होनी चाहिए और हाथों का सामान्य रूप से कार्य करना आवश्यक है। इच्छुक आवेदक वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ-साथ इन दस्तावेजों की एक-एक प्रति, 2 पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र व अपना नवीनतम बायोडाटा, क्लीपबोर्ड और बालपेन के साथ 8 जून यानी आगामी सोमवार को 10ः30 बजे भाग ले सकते हैं। अरविंद सिंह ने बताया कि भर्ती से संबंधित अन्य जानकारी के लिए युवा कार्यालय के दूरभाष पर भी संपर्क कर सकते हैं।
