नूरपुर/ संजीव महाजन -:नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 290.25 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इन अभियानों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद नशीले पदार्थों के पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पहली कार्रवाई सीआईए नूरपुर की टीम ने मीलवां क्षेत्र में की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध होंडा अमेज कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के स्टीयरिंग कवर के भीतर छिपाकर रखा गया 264.6 ग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ।इस मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर जिले के भर्टवाल गांव निवासी 41 वर्षीय जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी का संबंध हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर तक फैले एक बड़े नेटवर्क से हो सकता है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। बरामद हेरोइन की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी में आने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।दूसरी कार्रवाई कंडवाल क्षेत्र में की गई। सीआईए विंग नूरपुर की टीम ने 11 जून की रात नाकाबंदी और गश्त के दौरान चक्की पुल के पास ज्योति होटल के समीप तीन संदिग्ध व्यक्तियों को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 25.65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के अमृतसर और तरनतारन जिलों के रहने वाले अरजिन्दर कुमार (42), अजय कुमार आनंद (28) और अरविन्दर कौर (21) के रूप में हुई है। पुलिस थाना नूरपुर में इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नूरपुर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
